केंद्र सरकार ने खाने के तेल के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में कटौती की है. वित्त मंत्रालय के अनुसार नई दरें 24 सितंबर से लागू होंगी. इस फैसले से देश में खाना पकाने के तेल की आयात लागत घटने और उपभोक्ताओं को कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है.
सरकार ने क्रूड सोया ऑयल और क्रूड पाम ऑयल पर कस्टम ड्यूटी 10% से घटाकर 5% कर दी है. वहीं, रिफाइंड सोया और रिफाइंड पाम ऑयल पर शुल्क 32.5% से घटाकर 27.5% किया गया है.
क्रूड सूरजमुखी तेल पर ड्यूटी 10% से घटाकर शून्य कर दी गई है. इसके अलावा रिफाइंड सूरजमुखी तेल पर कस्टम ड्यूटी 32.5% से घटाकर 22.5% की गई है.
ग्राहकों को राहत कितनी मिलेगी
ड्यूटी में कटौती से आयातकों की लागत कम हो सकती है, लेकिन इसका पूरा लाभ खुदरा ग्राहकों तक पहुंचेगा या नहीं, यह सप्लाई चेन पर निर्भर करेगा. बाजार में कीमतों पर असर आयात, वितरण और कारोबारियों की ओर से लाभ आगे पहुंचाने की प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगा.
सोया तेल भारतीय घरों में रोजाना खाना पकाने के लिए व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है, जबकि पाम तेल का उपयोग खाद्य उत्पादों, नमकीन और बाहर के खाने में अधिक किया जाता है. सूरजमुखी तेल का इस्तेमाल भी घरेलू रसोई में होता है.
