कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण और बचाव अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाली करीब 80 वर्षीय हथिनी सोनाकली का रविवार को निधन हो गया. वन अधिकारियों के अनुसार, वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थी और उपचार के दौरान उसकी मौत हुई.

सोनाकली को वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी. उसके अंतिम संस्कार से पहले औपचारिक सलामी भी दी गई.

अधिकारियों के मुताबिक, सोनाकली को 1997 में कॉर्बेट लाया गया था. उसने 1997 से 2002 तक ढिकाला क्षेत्र में सेवा दी. इसके बाद 2002 से 2016 के बीच हल्दूपड़ाव और कालागढ़ क्षेत्रों में तैनात रही. वर्ष 2016 में वह फिर ढिकाला लौट आई.

सोनाकली 23 जनवरी 2018 को सेवानिवृत्त हुई थी. अपने सेवाकाल में उसने बाघ बचाव अभियानों, वन गश्त और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े अभियानों में भाग लिया. अधिकारियों ने 2011 में गर्जिया क्षेत्र में आदमखोर बाघ से जुड़े अभियान और 2012 में सरपदुली क्षेत्र की घटना में उसके योगदान को विशेष रूप से याद किया. वर्ष 2023 में भी उसने सरपदुली क्षेत्र के बाघ बचाव अभियान में भूमिका निभाई थी.