कई देश अमेरिका में रखे अपने स्वर्ण भंडार को दूसरे स्थानों पर ले जाने या घरेलू तिजोरियों में रखने पर विचार कर रहे हैं. इसके पीछे सिर्फ अमेरिका से खराब होते रिश्ते नहीं, बल्कि संकट की स्थिति में भंडार तक त्वरित पहुंच और विदेशी परिसंपत्तियों पर नियंत्रण बनाए रखने की चिंता भी है.

हाल में नीदरलैंड्स ने न्यूयॉर्क और कनाडा में रखे अपने सोने का एक हिस्सा लंदन स्थानांतरित करने की योजना बनाई. डच केंद्रीय बैंक के मुताबिक, बढ़ती भू-राजनीतिक अस्थिरता के बीच बैंक ऑफ इंग्लैंड में रखा सोना अंतरराष्ट्रीय लेनदेन के लिए आसानी से उपलब्ध रहेगा. रिपोर्टों के अनुसार, 27 टन से अधिक सोना अमेरिका और कनाडा से नीदरलैंड्स लाया भी गया है.

फ्रांस ने 2025 से जनवरी 2026 के बीच न्यूयॉर्क फेडरल रिजर्व में रखे करीब 129 टन सोने को बेचकर यूरोप में बराबर मात्रा में सोना खरीदा और उसे पेरिस में रखा. जर्मनी भी पहले अमेरिका और फ्रांस से बड़ी मात्रा में सोना वापस ला चुका है.

विशेषज्ञों के अनुसार, 2022 में रूस के विदेशी मुद्रा भंडार को फ्रीज किए जाने के बाद देशों में यह चिंता बढ़ी कि विदेश में रखी रणनीतिक परिसंपत्तियां राजनीतिक फैसलों से प्रभावित हो सकती हैं. हालांकि, सभी देश इस कदम को अमेरिका-विरोधी राजनीतिक निर्णय नहीं बता रहे हैं; कई इसे जोखिम प्रबंधन और भंडार-विविधीकरण का हिस्सा मानते हैं.