केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने दिवाली के दौरान AQI रीडिंग में दिखे अंतर और कुछ मॉनिटरिंग स्टेशनों पर डेटा गैप को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है. बोर्ड के अनुसार National Air Quality Index (NAQI) लोगों तक वायु गुणवत्ता और उससे जुड़े संभावित स्वास्थ्य प्रभावों की जानकारी सरल तरीके से पहुंचाने का संकेतक है.
CPCB ने बताया कि NAQI में 24 घंटे या 8 घंटे की औसत अवधि, भारतीय और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य अध्ययन तथा तय मानकों का इस्तेमाल होता है. इसलिए कुछ समय के लिए प्रदूषण में तेज उछाल, खासकर पटाखों के धुएं के दौरान, पूरे AQI में उसी अनुपात में नजर नहीं आ सकता.
बोर्ड के मुताबिक, पुराने पार्टिकुलेट मैटर विश्लेषक 0 से 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक की सीमा के लिए कैलिब्रेट किए गए थे. इससे ऊपर की रीडिंग को सिस्टम में आउट-ऑफ-रेंज मानकर संबंधित घंटे के डेटा को 24 घंटे के औसत में शामिल नहीं किया जा सकता. ऐसे मामलों में स्टेशन पर डेटा गैप दिख सकता है.
CPCB ने कहा कि निजी और अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म अलग सेंसर, स्रोत और गणना पद्धति इस्तेमाल कर सकते हैं. इसलिए उनके ऊंचे या कम AQI आंकड़े सरकारी NAQI से सीधे तुलनीय नहीं हैं. बोर्ड ने अंतर को अंडर-रिपोर्टिंग के बजाय माप और पद्धति का परिणाम बताया.
