2019 से 2024 के बीच देश में साइबर अपराध से जुड़ी 53.93 लाख शिकायतें नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज की गईं. इनमें से सिर्फ 1.30 लाख मामलों में एफआईआर दर्ज हुई, जो कुल शिकायतों का करीब 2.4% है. यह जानकारी राज्यसभा की गृह मामलों से संबंधित स्थायी समिति की रिपोर्ट में सामने आई है.

31 सदस्यीय समिति की अध्यक्षता डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल कर रहे हैं. रिपोर्ट में साइबर हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के बाद कार्रवाई और फॉलो-अप में देरी पर चिंता जताई गई है.

समिति ने डेटा दर्ज करने की प्रक्रिया पर उठाए सवाल

समिति के मुताबिक, कुछ मामलों में अपराध दर कम दिखाने के लिए एफआईआर के बजाय गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की जाती है. रिपोर्ट में कहा गया है कि इससे गंभीर अपराधों की वास्तविक संख्या सामने नहीं आती और पीड़ितों को न्याय मिलने में मुश्किल होती है.

समिति ने यह भी कहा कि राज्यों से राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) तक डेटा पहुंचने में 1.5 से 2 साल की देरी होती है. इसके कारण सुरक्षा नीतियां और बजट पुराने आंकड़ों के आधार पर तैयार हो सकते हैं.

रिपोर्ट में NCRB के ‘प्रिंसिपल ऑफेंस रूल’ का भी उल्लेख है. इसके तहत एक घटना में कई अपराध होने पर रिकॉर्ड में केवल मुख्य अपराध दर्ज किया जा सकता है. समिति के अनुसार, इससे साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न या लूट जैसे जुड़े हुए अपराधों का अलग डेटा छूट सकता है.