साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों के लिए बैंक से तत्काल मदद पाना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. Common Cause और Lokniti-CSDS की Status of Policing in India Report (SPIR) 2026 में सामने आया कि कई पीड़ितों ने समय पर शिकायत करने के बावजूद अनधिकृत लेनदेन रोकने में देरी, कमजोर सहायता और बैंक की ओर से जिम्मेदारी स्वीकार न करने की शिकायत की.

यह अध्ययन 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 8,306 लोगों के सर्वेक्षण तथा पीड़ितों, साइबर अपराध विशेषज्ञों और अन्य संबंधित पक्षों के 37 गहन साक्षात्कार पर आधारित है. सर्वेक्षण में 13% लोगों ने पिछले दो से तीन वर्षों में साइबर अपराध का शिकार होने की बात कही. इन पीड़ितों में 54% डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी से प्रभावित थे.

शिकायत के बाद भी कार्रवाई में देरी

डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों में 52% ने घटना के बाद बैंक में अलग से शिकायत की. इनमें 63% लोगों ने पहली 24 घंटे के भीतर बैंक को सूचित किया. इसके बावजूद, अध्ययन में कई मामलों में बैंक की ओर से खाते या लेनदेन को तुरंत ब्लॉक करने में देरी की बात सामने आई. रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसी देरी से पीड़ितों का वित्तीय नुकसान बढ़ने के साथ मानसिक और शारीरिक दबाव भी बढ़ता है.

रिपोर्ट में 2017 के RBI दिशानिर्देश का उल्लेख है. इसके अनुसार, यदि धोखाधड़ी किसी तीसरे पक्ष की चूक से हुई हो, बैंक या ग्राहक की गलती न हो और ग्राहक तीन दिन के भीतर बैंक को सूचना दे दे, तो नुकसान की पूरी जिम्मेदारी बैंक पर हो सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में एक पायलट आधार पर ऐसे मामलों को भी इसमें शामिल किया गया, जिनमें ग्राहक को ठगी या दबाव के जरिए भुगतान करने के लिए मजबूर किया गया हो.

रिपोर्ट में शामिल एक पीड़ित, जिसका नाम बदलकर विपिन बताया गया है, को सिम अपग्रेड के नाम पर फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को Airtel कर्मचारी बताया और उसकी कुछ निजी जानकारियों का इस्तेमाल किया. अगले दिन उसके पेमेंट वॉलेट से ₹5,000 निकाले गए. उसने तत्काल नंबर ब्लॉक कराया और बैंक को ईमेल किया, लेकिन सोमवार दोपहर तक खाता ब्लॉक नहीं हुआ. इस दौरान उसके क्रेडिट कार्ड के खिलाफ ₹5 लाख का ऋण लिया गया, जिसमें से आधी रकम निकाली जा चुकी थी. पीड़ित ने बैंक पर उदासीनता और जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया.

डेटा लीक और ‘म्यूल अकाउंट’ को लेकर चिंता

बैंक में अलग से शिकायत करने वाले पीड़ितों में 40% का मानना था कि बैंक के अंदरूनी व्यक्ति से वित्तीय डेटा लीक होने के कारण अपराध हुआ. जिन लोगों ने बैंक में अलग शिकायत नहीं की, उनमें यह धारणा 26% थी. गहन साक्षात्कार में शामिल 13 डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी पीड़ितों में से पांच ने बैंक अधिकारियों की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष मिलीभगत की आशंका जताई. हालांकि, ये आरोप अध्ययन में शामिल पीड़ितों और विशेषज्ञों की धारणाओं के रूप में दर्ज हैं; इनसे किसी बैंक या अधिकारी की संलिप्तता स्वतः सिद्ध नहीं होती.

साइबर अपराध विशेषज्ञों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने ग्राहक डेटा की सुरक्षा तथा संदिग्ध खातों की निगरानी में कमियों पर चिंता जताई. रिपोर्ट में ऐसे ‘म्यूल अकाउंट’ का भी उल्लेख है, जिनका इस्तेमाल धोखाधड़ी की रकम को घुमाने के लिए किया जा सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार, बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया में पर्याप्त जांच न होने से ऐसी समस्या बढ़ सकती है.

बैंक की भूमिका से संतुष्टि भी कम रही. डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी के 20% से अधिक पीड़ितों ने रकम वापस पाने में बैंक की भूमिका से खुद को ‘बहुत असंतुष्ट’ बताया, जबकि 16% कुछ हद तक असंतुष्ट थे. गहन साक्षात्कार में पीड़ितों ने बैंकों को औसतन पांच में से केवल एक अंक दिया. रिपोर्ट के अनुसार, निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के अनुभवों में संतुष्टि के स्तर पर खास अंतर नहीं दिखा.