बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव सोमवार शाम चक्रवात अक्वान में बदल गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम तट के बीच नेल्लोर और तुनी के मध्य से गुजरने की संभावना है. उस समय यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तट पार कर सकता है.

IMD ने आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा तट के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. तट पार करने के दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लगातार हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है. कोनसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा, एनटीआर और गुंटूर को संभावित रूप से प्रभावित जिलों में शामिल किया गया है.

ओडिशा में कई जिलों के लिए चेतावनी

ओडिशा में 18 नवंबर से बारिश बढ़ने का अनुमान है. 16 जिलों में 18 नवंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. पुरी, गंजाम और गजपति में 19 नवंबर को ऑरेंज अलर्ट रहेगा. 20 नवंबर को गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी में तथा 21 नवंबर को बरगढ़, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ में ऑरेंज अलर्ट की जानकारी दी गई है.

ओडिशा सरकार ने दक्षिणी जिलों में भारी बारिश से पहले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए हैं. गंजाम में निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी बस्तियों की पहचान की गई है.

उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश, जबकि 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मछुआरों को 20 नवंबर तक दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी गई है.