ओडिशा में चक्रवात अकवान के संभावित लैंडफॉल को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार शाम तक 2,98,676 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चक्रवात के शुक्रवार दोपहर या दोपहर बाद पुरी और गोपालपुर के बीच ओडिशा तट पार करने का अनुमान जताया है.

आईएमडी के अनुसार, लैंडफॉल के समय चक्रवाती तूफान की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. ओडिशा तट के कुछ हिस्सों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने का अनुमान है. गुरुवार शाम यह सिस्टम गोपालपुर से करीब 410 किलोमीटर और पुरी से 470 किलोमीटर दूर था तथा 13 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा था. उत्तर दिशा में बढ़ने के दौरान इसके कमजोर पड़ने की संभावना है.

राहत और बचाव व्यवस्था

राज्य में 2,523 राहत शिविर और 9,341 चक्रवात आश्रय तैयार किए गए हैं. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भुवनेश्वर स्थित विशेष राहत आयुक्त कार्यालय में आधी रात आपात समीक्षा बैठक की. उन्होंने बताया कि 20 जिलों में तैयारियां तेज की गई हैं और 2,623 आश्रय केंद्र फिलहाल संचालन में हैं.

कुल 423 बचाव दल संवेदनशील इलाकों में तैनात किए गए हैं. इनमें ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स के 60, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 14 और अग्निशमन एवं आपात सेवा के 131 दल शामिल हैं. तटरक्षक बल को हेलीकॉप्टर, पोत और अन्य लॉजिस्टिक संसाधन तैयार रखने को कहा गया है. छह जिलों में भूस्खलन की आशंका वाले 941 स्थान चिह्नित किए गए हैं.

ट्रेनें रद्द, पर्यटन स्थलों पर रोक

एहतियातन ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 41 ट्रेनें रद्द और 29 का समय बदला है. दक्षिण पूर्व रेलवे ने पुरी से आने-जाने वाली 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं. पुरी, गोपालपुर, सतपाड़ा और चिलिका में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. मौसम चेतावनी वाले जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं.

आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलम और विजयनगरम के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. मछुआरों को 21 नवंबर की सुबह तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. त्रिपुरा में चक्रवात के सीधे प्रभाव का अनुमान नहीं है, लेकिन बाहरी बादलों के कारण कुछ इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.