बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अर्नब के 27 अक्टूबर को बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इसके प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश में मंगलवार को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

IMD के नवीनतम अपडेट में चक्रवाती तूफान को पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बताया गया है. यह करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा में बढ़ रहा था. सिस्टम गोपालपुर से लगभग 580 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से करीब 60 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित था.

28 अक्टूबर को तट पार करने का अनुमान

पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 28 अक्टूबर की शाम बापटला तथा विशाखापत्तनम के बीच, यानम के आसपास आंध्र प्रदेश तट को पार करने की संभावना है. उस समय अधिकतम लगातार हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

बुधवार को तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश की आशंका है. विदर्भ में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अनुमान है.

29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है. पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में बहुत भारी बारिश हो सकती है. 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बहुत भारी बारिश का अनुमान है. IMD ने तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पहले ही बहुत भारी बारिश दर्ज होने की जानकारी दी है.