बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र डीप डिप्रेशन में बदल गया है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इसके 28 अक्टूबर को बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश तथा यनम के तटों को पार करने की संभावना है. इसे ‘अर्नब’ नाम दिया गया है. यह नाम बांग्लादेश ने रखा है, जिसका बंगाली अर्थ समुंदर या महासागर बताया गया है.

लैंडफॉल के समय तूफान की हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. इसके 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में भी भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट बताया गया है.

तूफान के प्रभाव से ओडिशा में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. राज्य में आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. संवेदनशील जिलों में 225 बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक में यलो अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तर भारत में उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फबारी हुई. पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में ओले गिरने की सूचना है. मध्य प्रदेश में बारिश थमने के बाद रात के तापमान में गिरावट आई. कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा.