चक्रवात अर्नब ने 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के पास लैंडफॉल शुरू किया. लैंडफॉल की प्रक्रिया करीब तीन घंटे चलने का अनुमान बताया गया है. इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिसके बढ़कर 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है.
चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में करीब 4,000 चक्रवात आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं. दोनों राज्यों में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. रेलवे ने 50 ट्रेनें रद्द की हैं, जबकि विजयवाड़ा और विशाखापट्टनम हवाई अड्डों से जुड़ी 21 उड़ानें रद्द की गई हैं.
ओडिशा में मंगलवार से भारी बारिश हो रही है. बारिश के कारण राज्य के 16 जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं और 30,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है. पुरी में भी भारी बारिश दर्ज की गई है. विशाखापट्टनम में समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है.
एयर इंडिया की यात्रियों को सलाह
एयर इंडिया ने विशाखापट्टनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाले यात्रियों से उड़ान की स्थिति पहले जांचने और एयरपोर्ट के लिए समय से पहले निकलने को कहा है. एयरलाइन के अनुसार खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग से एयरपोर्ट पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है.
28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में रेड अलर्ट, जबकि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट बताया गया है.
