भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र डीप डिप्रेशन में बदल गया है. इसके 28 अक्टूबर को बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करने की संभावना है. मौसम सिस्टम को ‘अर्नब’ नाम दिया गया है.

लैंडफॉल के समय हवा की गति 115 से 125 किमी प्रति घंटे रहने का अनुमान है. कुछ इलाकों में यह रफ्तार 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तूफान के प्रभाव से ओडिशा में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. राज्य में आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, जबकि संवेदनशील जिलों में 225 बचाव दल हाई अलर्ट पर रखे गए हैं.

कई राज्यों में अलर्ट

आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. झारखंड में ऑरेंज अलर्ट है. पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक में यलो अलर्ट बताया गया है.

उत्तर भारत में उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फबारी हुई. पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में ओले गिरने की सूचना है. मध्य प्रदेश में बारिश थमने के बाद रात के तापमान में गिरावट आई. कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.