चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है. आंध्र प्रदेश में तूफान से करीब 344 करोड़ रुपये के नुकसान का शुरुआती अनुमान है. लगभग 52,459 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है.
तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण राज्य में हजारों पेड़ उखड़ गए, जबकि बिजली के 2,750 खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं. तूफान के चलते 35 ट्रेनें रद्द की गई हैं. तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बुधवार को भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने गजपति, गंजम, कोरापुट, रायगढ़ा, मलकानगिरि, कालाहांडी और कंधमाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
छत्तीसगढ़ में मंगलवार शाम रायपुर में तेज बारिश हुई. मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
