डिफेंस एक्वीजिशन काउंसिल (DAC) ने 26 अक्टूबर 2026 को भारतीय सशस्त्र बलों के लिए करीब ₹2.12 लाख करोड़ की रक्षा खरीद के प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी. बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की. प्रस्तावों में थलसेना, नौसेना और वायुसेना के लिए आधुनिक हथियार, वाहन, हेलीकॉप्टर, ड्रोन और निगरानी प्रणालियां शामिल हैं.
थलसेना के लिए वाहन और ड्रोन सिस्टम
थलसेना के लिए हाई मोबिलिटी व्हीकल्स, सेल्फ-प्रोपेल्ड ट्रैक्ड गन सिस्टम और गन शॉट रिस्पांस सिस्टम को मंजूरी दी गई है. हाई मोबिलिटी व्हीकल्स कठिन इलाकों में आवाजाही और रसद आपूर्ति में मदद करेंगे, जबकि सेल्फ-प्रोपेल्ड गन सिस्टम मैकेनाइज्ड फॉर्मेशन की गतिशीलता और फायरपावर बढ़ाने के लिए है. गन शॉट रिस्पांस सिस्टम रियल-टाइम स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेगा.
लाइट मल्टी रोल हेलीकॉप्टर थलसेना और वायुसेना दोनों के उपयोग में आएंगे. इनका इस्तेमाल टोही, युद्ध, खोज-बचाव और आपदा राहत जैसे अभियानों में किया जा सकेगा. VSHORADS छोटी दूरी के हवाई खतरों से निपटने में मदद करेगा. टैंकों की सुरक्षा के लिए प्लेटफॉर्म-बेस्ड काउंटर अनमैन्ड एरियल सिस्टम भी प्रस्तावों में शामिल है.
लंबी दूरी के निगरानी ड्रोन, इंटीग्रेटेड सर्विलांस एंड स्ट्राइक सिस्टम और लॉन्ग रेंज कामिकाजे ड्रोन सिस्टम से निगरानी और सटीक कार्रवाई की क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य है.
नौसेना और वायुसेना के प्रस्ताव
नौसेना के लिए एक्टिव ऑफबोर्ड डिकॉय सिस्टम को मंजूरी मिली है, जो एंटी-शिप मिसाइलों से सुरक्षा बढ़ाने में मदद करेगा. स्वदेशी डिजाइन और निर्माण वाले बड़े नौसैनिक प्लेटफॉर्म भी प्रस्तावों में शामिल हैं.
वायुसेना के लिए स्पेशल यूटिलिटी हेलीकॉप्टर, वायु रक्षा प्रणालियां, हथियार और मोबाइल एक्स-बैंड डॉपलर वेदर रडार सिस्टम को मंजूरी दी गई है. रडार आगे के इलाकों में मौसम की निगरानी और अभियानों की योजना बनाने में मदद करेगा.
मंजूर प्रस्तावों में करीब 82 प्रतिशत खरीद भारतीय उद्योग से किए जाने की बात कही गई है. इससे घरेलू रक्षा उत्पादन और स्वदेशी प्रणालियों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
