दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन से श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन मंदिर के अंदर ले जाने पर रोक लगा दी गई है. जिला प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति ने सुरक्षा तथा दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की है. पहले दिन कुछ ही घंटों में 500 से ज्यादा श्रद्धालु अपने मोबाइल काउंटर पर जमा करा चुके थे.

जय स्तंभ चौक के पास बनाया गया काउंटर

मोबाइल जमा करने के लिए मंदिर के बाहर जय स्तंभ चौक के पास, पुलिस थाने के बगल में बने पुलिस सहायता केंद्र के निकट काउंटर तैयार किया गया है. यहां श्रद्धालुओं से मोबाइल जमा कराने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है. व्यवस्था की निगरानी के लिए दंतेवाड़ा तहसीलदार, नगर पालिका सीएमओ और जनपद सीईओ की ड्यूटी लगाई गई है. पुलिस जवानों की भी तैनाती की गई है.

फिलहाल काउंटर पर एक बार में करीब 1,000 से 2,000 मोबाइल रखने की व्यवस्था है. प्रशासन के अनुसार, भीड़ बढ़ने पर इसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी. नवरात्रि के आगे के दिनों और पंचमी पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की तैयारी है.

टोकन के जरिए मिलेगा मोबाइल

तहसीलदार परमानंद बंजारे के अनुसार, श्रद्धालु काउंटर पर अपना नाम, मोबाइल नंबर और मोबाइल से जुड़ी जानकारी दर्ज कराएंगे. इसके बाद उन्हें टोकन दिया जाएगा. दर्शन के बाद टोकन लौटाने पर नाम और मोबाइल नंबर का मिलान करके फोन वापस किया जाएगा. यह प्रक्रिया करीब एक मिनट में पूरी होने का दावा किया गया है.

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से टोकन संभालकर रखने की अपील की है. टोकन खोने पर मोबाइल वापस लेने में परेशानी हो सकती है. ऐसी स्थिति के लिए आगे की प्रक्रिया अनुभव के आधार पर तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद ली जा सकती है.

प्रशासन का कहना है कि मोबाइल और सेल्फी के कारण श्रद्धालु दर्शन में अतिरिक्त समय लगाते थे, जिससे कतार की गति प्रभावित होती थी. मोबाइल बाहर जमा कराने से दर्शन प्रक्रिया तेज करने का प्रयास है. इस फैसले पर श्रद्धालुओं की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई.

मीडिया कवरेज के लिए गरुड़ स्तंभ तक मोबाइल ले जाने की अनुमति दी गई है. गर्भगृह के सामने और आगे के प्रतिबंधित हिस्सों में मीडिया को खुद फोटो या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं है. वहां की तस्वीरें और वीडियो प्रशासन तथा पुलिस के अधिकृत कैमरा पर्सन के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे.