दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने जंगल-पहाड़ी इलाके से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों और अन्य सामग्री की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई.

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को मंगनार, बुरदुम, तोड़मा और कोकावाकोंडा के जंगलों में संयुक्त अभियान शुरू किया गया था. जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स, CAF और CRPF की टीम इसमें शामिल थी. 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे कोकावाकोंडा और बुरदुम के बीच तलाशी के दौरान जवानों को छिपाकर रखी गई सामग्री के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद इलाके की जांच में हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया.

बरामद सामग्री में एक AK-47 राइफल, एक इंसास राइफल, एक BGL, एक 315 बोर बंदूक और छह भरमार बंदूकें शामिल हैं. इसके अलावा नौ BGL शेल, पांच BGL राउंड, 23 AK-47 मैगजीन, दो टिफिन बम, आठ डेटोनेटर, 138 राउंड, 20 वॉकी-टॉकी सेट और दो तीर बम मिले हैं. पुलिस ने करीब 20-20 मीटर कॉर्डेक्स वायर और लाल-काले तार, दो जोड़ी नक्सली झंडे, एक मल्टीमीटर और दो कार इन्वर्टर समेत कुल 21 तरह की सामग्री बरामद होने की जानकारी दी है.

दंतेवाड़ा SP चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, बरामद हथियारों के सीरियल नंबर और अन्य विवरणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाएगी कि इनमें से कोई हथियार पहले सुरक्षाबलों से लूटा गया था या किसी पुराने मामले में इस्तेमाल हुआ था. अभी किसी हथियार के लूटे गए होने की पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस ने बताया कि दुर्गम इलाकों में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.