दंतेवाड़ा में 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्रि के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी गई है. पुलिस के मुताबिक, बाईपास पुल टूटने से चितालंका-बचेली मार्ग बंद है. ऐसे में भारी वाहन, यात्री बसें, अन्य वाहन और पैदल श्रद्धालु मुख्य सड़क का ही इस्तेमाल करेंगे.
ट्रैफिक DSP नसर सिद्दीकी के अनुसार, व्यवस्था संभालने के लिए अधिकतम तीन शिफ्ट में करीब 150 से 200 जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी. इनमें उप अधीक्षक से लेकर कॉन्स्टेबल स्तर तक के कर्मचारी शामिल होंगे. भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने पर भी विचार किया जा रहा है, लेकिन इस संबंध में अंतिम आदेश की जानकारी नहीं दी गई है.
इन जगहों पर पार्किंग की तैयारी
जिला मुख्यालय में पार्किंग के लिए देवभोग के पास का मैदान, हाईस्कूल ग्राउंड और कटेकल्याण की ओर तेंदूपत्ता गोदाम के पास की जगह चिह्नित की गई है. दोपहिया वाहनों के लिए अग्रवाल मार्ट के पीछे स्थान रखा गया है. टॉकीज के पास भी वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है.
सड़क किनारे वाहन खड़े कर जाम की स्थिति बनने से रोकने के लिए टोइंग वाहन तैनात किया जाएगा. पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है.
गायत्री चौक से बस स्टैंड तक वाहन प्रतिबंधित
गायत्री मंदिर चौक से बस स्टैंड तक के हिस्से को नो-व्हीकल जोन बनाने की तैयारी है. श्रद्धालुओं को गायत्री मंदिर के पास उतरकर आगे पैदल जाने और वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़े करने को कहा जाएगा. विशेष परिस्थिति या वीआईपी आवाजाही के दौरान व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है.
SBI तिराहे से किरंदुल मार्ग की ओर आने वाले वाहनों को RTO चौक और देवभोग होते हुए निकालने की योजना है. भीड़ बढ़ने पर वन-वे या सिंगल-मूवमेंट व्यवस्था लागू की जा सकती है.
गीदम-दंतेवाड़ा मार्ग पर पेट्रोलिंग
गीदम से दंतेवाड़ा तक करीब पांच पेट्रोलिंग गाड़ियां तैनात करने की तैयारी है. इनके साथ ट्रैफिक कर्मचारी, टोइंग वाहन और जरूरी उपकरण रहेंगे. जरूरत पड़ने पर पैदल यात्रियों और वाहनों के लिए सड़क के अलग-अलग हिस्सों का इस्तेमाल कराया जा सकता है. पेट्रोलिंग टीम, ट्रैफिक थाना और कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर फ्लेक्स के जरिए सार्वजनिक किए जाएंगे.
