दरभंगा में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की दो दिवसीय बैठक के पहले दिन भारत सरकार की 19 योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई. बैठक की अध्यक्षता दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने की. अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय-सीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन, नाइट लैंडिंग, लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो सुविधा की समीक्षा हुई. सांसद ने टर्मिनल निर्माण में कार्यबल बढ़ाकर गति लाने तथा नाइट लैंडिंग से जुड़ी प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा. दिल्ली मोड़ रेल ओवरब्रिज का निर्माण मार्च तक पूरा करने और दोनार आरओबी स्थल पर सड़क को मोटरेबल बनाने का निर्देश भी दिया गया.
दरभंगा एम्स के निर्माण स्थल पर मिट्टी भराई का काम दिन-रात कराने, डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सभी विभाग एक सप्ताह में चालू करने और जरूरी जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया. 1700 बेड वाले अस्पताल की प्रगति की भी समीक्षा हुई.
आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में करीब 19 लाख 80 हजार कार्ड बनाए जाने की जानकारी दी गई. शेष पात्र लोगों का कार्ड बनाने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा हर गांव और टोले तक मोबाइल नेटवर्क, घरों तक पाइपलाइन गैस, किसानों को पर्याप्त उर्वरक और डाकघरों में अतिरिक्त जनसुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
