दरभंगा में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने समेत कई विकास योजनाओं की समीक्षा की गई. बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने की. इस दौरान 34 विभागों के कामकाज की बिंदुवार समीक्षा हुई.
बैठक में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों, तालाबों और सार्वजनिक संस्थानों की जमीन का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सीमांकन कराने का निर्देश दिया गया. सीमांकन के बाद अतिक्रमण की पहचान कर जमीन खाली कराने को कहा गया. शिक्षा विभाग की समीक्षा में नेशनल विद्यालय की अतिक्रमित जमीन को मुक्त कराने और सरकारी स्कूलों की भूमि की स्थिति की जांच पर जोर दिया गया. ब्रहपुर और अस्थुआ उच्च विद्यालयों की जांच के लिए समिति गठित करने का निर्देश भी दिया गया.
दरभंगा शहर के पुराने नौ ड्रेनेज सिस्टम को फिर से चालू कर जलजमाव की समस्या दूर करने पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा तारामंडल परिसर में करीब 61 करोड़ रुपये की लागत से स्पेस गैलरी बनाने और आईआईटी, आईआईएम तथा NIFT की स्थापना के लिए जमीन तलाशने की योजना सामने रखी गई.
