बिहार के दरभंगा स्थित दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) की इमरजेंसी बिल्डिंग के पास कथित शराब सेवन का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी के निर्देश पर बेंता थाने में मामला दर्ज किया गया.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फुटेज DMCH की नई इमरजेंसी बिल्डिंग में सीढ़ियों के पास बने बरामदे की बताई जा रही है. इसमें शुरुआत में दो महिलाएं कोल्ड ड्रिंक और खाने-पीने का सामान लेकर बैठी दिखाई देती हैं. तीसरी महिला भी पास में नजर आती है. बाद में कुछ पुरुष वहां पहुंचते हैं और फुटेज में एक व्यक्ति कथित तौर पर छिपाकर शराब निकालता दिखाई देता है. इसके बाद कुछ लोगों को शराब पीते हुए देखा जा सकता है.
वीडियो में दिखाई दे रहे एक पुरुष के गले में DMCH लिखा हुआ आईडी कार्ड का फीता नजर आने की बात कही जा रही है. इसी आधार पर उनके अस्पताल कर्मचारी होने का दावा किया गया है. हालांकि, वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान, पद और कथित घटना में उनकी भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फुटेज पर 9 जून की तारीख दिखाई देने की बात भी सामने आई है.
पूरी CCTV फुटेज से होगी पहचान
दरभंगा सदर के SDPO राजीव कुमार के मुताबिक, पुलिस ने वायरल वीडियो देखा है और अस्पताल परिसर की बाकी CCTV फुटेज हासिल की जाएगी. जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश होगी कि घटना में कुल कितने लोग शामिल थे और उनकी पहचान क्या है.
पुलिस के अनुसार, पहचान स्पष्ट होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर लगाए जा रहे दावों की जांच जारी है.
