बिहार के दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, नारायणपुर दरगाह टोला में पिता अरुण चौपाल पर अपने बेटे आर्यन कुमार का धारदार हथियार से गला काटने का आरोप है. घटना में बच्चे की मौत हो गई.
बताया गया है कि बच्चे की चीख सुनकर उसकी मां रूबी कुमारी उसे बचाने पहुंचीं. आरोप है कि अरुण चौपाल ने मां पर भी हमला किया, जिससे वह गर्दन पर गंभीर चोट लगने के बाद घायल हो गईं. इसके बाद आरोपी ने अपनी गर्दन पर भी वार कर लिया.
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घायल रूबी कुमारी और अरुण चौपाल को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों की हालत गंभीर बताई गई है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद SDPO बासुकीनाथ झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं.
पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अरुण और रूबी की शादी करीब 10 से 12 साल पहले हुई थी.
पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों ने अरुण चौपाल पर बच्चे की हत्या और पत्नी पर हमले का आरोप लगाया है. दोनों घायल होने के कारण अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं. पुलिस उनके बयान दर्ज करने के बाद घटना की वजह और पूरे घटनाक्रम की आगे जांच करेगी.
