दार्जिलिंग के सिटोंग में गुरुवार रात एक होमस्टे के बारबेक्यू में आग भड़कने से नवविवाहिता निकिता साहा करीब 60% झुलस गईं. उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

निकिता को बचाने की कोशिश में उनके पति समीर दास भी झुलस गए. शुरुआती इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. बताया गया है कि घटना के समय समीर ने अपनी टी-शर्ट उतारकर निकिता के कपड़ों में लगी आग बुझाने की कोशिश की.

आग लगने की वजह पर अलग-अलग दावे

पुलिस के अनुसार, बारबेक्यू में कुकिंग ऑयल की जगह केरोसिन डाले जाने के बाद आग भड़की. वहीं, निकिता के पति ने आरोप लगाया है कि बारबेक्यू पर टर्पेंटाइन ऑयल डाला गया था. होमस्टे के मालिक निहाल अयान ने कर्मचारी की लापरवाही स्वीकार करते हुए कहा कि कुकिंग ऑयल के बजाय केरोसिन डाल दिया गया था.

होमस्टे की CCTV फुटेज में कुछ डालने के बाद आग तेजी से फैलती दिखाई देती है. इसके बाद निकिता के कपड़ों में आग लग गई. पुलिस ने कहा है कि आग लगने की सही वजह जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी.

परिवार ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए

निकिता और समीर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के चोपड़ा के रहने वाले हैं. दोनों की शादी करीब दो महीने पहले हुई थी और वे हनीमून के लिए कुछ दिन पहले सिटोंग पहुंचे थे.

परिवार ने होमस्टे के खिलाफ कुर्सियॉन्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि वहां जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं थे और घटना के बाद मदद भी पर्याप्त नहीं मिली. परिवार के मुताबिक, निकिता को अस्पताल ले जाने के लिए बुलाया गया वाहन करीब 40 मिनट बाद पहुंचा. पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है. मामले में अभी किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है.