इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के समापन पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों को जब तक समान अवसर नहीं मिलते, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए और इसका आधार सामाजिक तथा ऐतिहासिक परिस्थितियां होनी चाहिए, न कि राजनीति.

डेली कॉलेज में 2 नवंबर से चल रही बैठक में देशभर से करीब 400 प्रतिनिधि शामिल हुए. मंदिरों से जुड़े मामलों पर होसबाले ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का उद्देश्य पूरा किया जा चुका है. कृष्ण जन्मभूमि समेत अन्य मामले अदालतों में चल रहे हैं और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही आगे बढ़ना चाहिए.

संगठन विस्तार और सामाजिक कार्यक्रम

होसबाले के अनुसार, पिछले एक वर्ष में संघ की पहुंच 10,241 नए स्थानों तक बढ़ी है. अब 63,208 स्थानों पर 99,423 शाखाएं चल रही हैं. इसके अलावा 34,982 साप्ताहिक मिलन और 14,096 मासिक मंडलियां संचालित हैं. इन गतिविधियों के जरिये संघ की कुल पहुंच 1,03,397 स्थानों तक होने का दावा किया गया. संघ के अनुसार, सामाजिक एकता और समरसता के लिए 94,218 हिंदू सम्मेलन आयोजित हुए, जिनमें करीब पांच करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया.

उन्होंने पश्चिम बंगाल में शाखाओं की संख्या पहले के मुकाबले 150 गुना बढ़ने और केरल के सभी गांवों तक शाखाओं की पहुंच होने का दावा किया. मिजोरम के दो स्थानों और लद्दाख में भी शाखाएं शुरू होने की जानकारी दी गई.

युवाओं, मोबाइल और नशे पर योजना

होसबाले ने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे युवाओं की काउंसलिंग के लिए संघ विशेष योजना बनाएगा. उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट से बच्चों को पूरी तरह दूर रखने के बजाय परिवार, स्कूल और सामाजिक संस्थाओं के जरिये उनमें उचित संस्कार विकसित करने पर जोर दिया.

SIR पर उन्होंने मतदाता सूची का समय-समय पर सत्यापन सामान्य प्रक्रिया बताया. संघ की कानूनी स्थिति पर उनका कहना था कि पंजीकरण कराना अनिवार्य नहीं है और संगठन संविधान तथा कानून के अनुसार काम कर रहा है.

संघ के अनुसार, असम के शिवसागर और जोरहाट में 1,600 से अधिक स्वयंसेवकों ने बाढ़ प्रभावित करीब 42,200 परिवारों तक भोजन, पानी और दवाएं पहुंचाईं. होसबाले ने युवाओं को हिंसा या अराजकता की ओर धकेले जाने को लेकर भी चिंता जताई और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवाद पर जोर दिया.