डीग जिले में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस ने गांवों में ‘साइबर चौपाल’ शुरू की है. अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. ने भीलमका गांव में जन-संवाद और जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में युवाओं और ग्रामीणों से साइबर अपराध से दूर रहने तथा ऑनलाइन ठगी के तरीकों को समझकर सतर्क रहने की अपील की गई. लोगों को संदिग्ध कॉल, संदेश, लिंक और सोशल मीडिया गतिविधियों के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी गई.
साइबर चौपाल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल धोखाधड़ी, फर्जी पहचान और ऑनलाइन लालच के जरिए होने वाले अपराधों के बारे में लोगों को सीधे जानकारी देना है. पुलिस ने नागरिकों से कहा कि किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध घटना की स्थिति में बिना देरी पुलिस को सूचित करें.
डीग पुलिस पिछले कुछ समय से साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी चला रही है. पुलिस का मानना है कि समय पर सूचना और सतर्कता से ऐसे मामलों में नुकसान कम किया जा सकता है.
