देहरादून के परेड ग्राउंड में सोमवार को राज्य जनजातीय शोध संस्थान और जनजाति कल्याण विभाग की ओर से ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखंड-2026’ आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और विरासत का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांव चुने गए हैं. इन गांवों में आधारभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और रोजगार पर काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जहां जनजातीय विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा और आवास की सुविधा मिलती है.

धामी के अनुसार, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्राथमिक से स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति, 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और तीन जनजातीय आईटीआई संचालित हैं. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और छात्रवृत्ति की व्यवस्था भी बताई गई.

उन्होंने कहा कि जनजातीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री जनजाति रोजगार उत्कर्ष योजना शुरू की गई है. पात्र अनुसूचित जनजाति परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है. राज्य जनजातीय शोध संस्थान के लिए एक करोड़ रुपये के कॉर्पस फंड की जानकारी भी दी गई.