देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के कथित रैकेट का भंडाफोड़ कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव के एक किराये के मकान में की गई, जहां तीन पुरुष और तीन महिलाएं मिलीं. पुलिस ने मौके से एक नाबालिग किशोरी को भी सुरक्षित बाहर निकाला.
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लेकर कथित तौर पर यह गतिविधि शुरू की थी. ग्राहक की मांग पर दिल्ली और आसपास के इलाकों से महिलाओं को देहरादून बुलाया जाता था. आरोप है कि ग्राहकों को WhatsApp के जरिए तस्वीरें भेजी जाती थीं और पसंद के बाद महिलाओं को कमरे या बताए गए पते पर भेजा जाता था.
जांच में सामने आया कि नाबालिग को मसूरी घुमाने का झांसा देकर दिल्ली से लाया गया था. पुलिस के मुताबिक, देह व्यापार के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया. छापेमारी में ₹18,000 नकद, आपत्तिजनक सामग्री और दवाइयां बरामद होने की बात कही गई है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अनैतिक देह व्यापार अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
