देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार, 6 अक्टूबर को एक बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, तीनों पर पेचकस से हमला किया गया था. घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है.
मृतकों की पहचान 80 वर्षीय के.एस. कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 55 वर्षीय घरेलू सहायिका तिलिया देवी के रूप में हुई है. तिलिया देवी मूल रूप से बिहार के दरभंगा की रहने वाली थीं. तीनों के शव कपूर दंपती के घर से बरामद किए गए.
पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध परिवार को पहले से जानता था और घर आ चुका था. शुरुआती जांच में मामला लूट का स्पष्ट नहीं लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद एक युवक को मौके से भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया और पुलिस के हवाले किया गया. पुलिस ने कहा है कि पूछताछ पूरी होने के बाद हत्या की परिस्थितियों और मकसद के बारे में अधिक जानकारी सामने आएगी.
