देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला इलाके में बुधवार को कूड़े के ढेर से एक महिला का शव बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है और फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है.

सूचना मिलने के बाद देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) शेखर चंद्र सुयाल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने बताया कि महिला के चेहरे और गर्दन पर गहरे घाव मिले हैं.

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कूड़े के ढेर में लाकर फेंका गया. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी.

पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास कर रही है. मामले की जांच जारी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.