दिल्ली में बांझपन की जांच करा रहे 26 वर्षीय व्यक्ति के शरीर में गर्भाशय जैसी संरचना और फैलोपियन ट्यूब जैसी नलिकाएं पाई गईं. यह मामला राजौरी गार्डन स्थित आरजी हॉस्पिटल्स में सामने आया, जहां दंपती करीब दो साल से संतान की योजना बना रहा था. पत्नी की जांच सामान्य आने के बाद पति की प्रजनन क्षमता का मूल्यांकन किया गया.

जांच में व्यक्ति के वीर्य में शुक्राणु नहीं मिले, जिसे एज़ूस्पर्मिया कहा जाता है. दोनों अंडकोष भी अंडकोश में उतरने के बजाय पेट के भीतर पाए गए थे. एमआरआई और आनुवंशिक जांच में 46,XY क्रोमोसोम पैटर्न के साथ गर्भाशय जैसी संरचना की पुष्टि हुई. डॉक्टरों ने इसे Persistent Müllerian Duct Syndrome (PMDS) से जुड़ा मामला बताया है.

यह एक दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जिसमें आम तौर पर पुरुष शारीरिक विकास और क्रोमोसोम के बावजूद भ्रूणीय अवस्था की Müllerian संरचनाएं शरीर में बनी रहती हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी से अविकसित गर्भाशय जैसी संरचनाओं और दोनों अंडकोषों को हटाया गया. ऊतक जांच में बाएं अंडकोष में Germ Cell Neoplasia In Situ नामक कैंसर-पूर्व बदलाव मिला, जबकि दायां अंडकोष गंभीर रूप से सिकुड़ा हुआ था.