दिल्ली में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 81 कृत्रिम तालाब तैयार किए गए हैं. इनका उद्देश्य श्रद्धालुओं को यमुना और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में मूर्ति विसर्जन से रोकना है. व्यवस्था दिल्ली के सभी 13 राजस्व जिलों में की गई है.
अधिकारियों के अनुसार, विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता, रोशनी, चिकित्सा सहायता, आपातकालीन प्रतिक्रिया और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था रहेगी. प्रतिमाओं के अवशेष और पूजा सामग्री हटाने के बाद स्थलों की सफाई भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी.
सरकार ने पुरानी और क्षतिग्रस्त मूर्तियों तथा पूजा सामग्री के सम्मानजनक निस्तारण के लिए 110 संग्रह केंद्र भी बनाए हैं. श्रद्धालुओं से फूल, माला और अन्य धार्मिक सामग्री नदियों या जलाशयों में न डालने की अपील की गई है.
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के निर्देशों के अनुसार, मूर्ति विसर्जन केवल स्थानीय प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर किया जाना चाहिए. श्रद्धालुओं को प्लास्टर ऑफ पेरिस, रासायनिक रंगों और गैर-जैविक सजावटी सामग्री से बनी मूर्तियों से बचने तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की सलाह दी गई है.
