दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से शनिवार सुबह SpiceJet की चार घरेलू और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें देरी से रवाना हुईं. इन उड़ानों में लेह, जम्मू और दुबई जाने वाली फ्लाइट्स शामिल थीं. देरी से 500 से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए.

टर्मिनल 1 से लेह के लिए जाने वाली तीन और जम्मू की एक उड़ान में करीब 450 यात्री प्रभावित हुए. लेह की उड़ान SG127 को सुबह 4:50 बजे रवाना होना था, लेकिन यह करीब 9 बजे उड़ान भर सकी. SG121 का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 6:10 बजे और SG125 का समय 8:45 बजे था. जम्मू जाने वाली SG2160 को सुबह 7:40 बजे रवाना होना था और यह एक घंटे से ज्यादा देरी से चली.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे टर्मिनल 1 पर लेह जाने वाले यात्रियों का चेक-इन शुरू करने के लिए एयरलाइन का स्टाफ नहीं पहुंचा था. यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही. बाद में ड्यूटी मैनेजर के पहुंचने पर यात्रियों को समझाया गया और चेक-इन प्रक्रिया शुरू हुई.

टर्मिनल 3 से दुबई जाने वाली उड़ान SG5111 का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 7:45 बजे था. उपलब्ध फ्लाइट-ट्रैकिंग आंकड़ों के मुताबिक, इसने सुबह 9:42 बजे उड़ान भरी.

SpiceJet के प्रवक्ता ने SG121, SG127 और SG2160 की देरी की वजह परिचालन संबंधी कारण बताई. प्रवक्ता के मुताबिक, ये उड़ानें रवाना होकर अपने गंतव्य तक पहुंच चुकी हैं. एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया.

दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा कि उसकी टीमें एयरलाइन और संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर प्रभावित यात्रियों की मदद कर रही हैं. यात्रियों से ताजा जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई.