दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को स्पाइसजेट की कई उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा. ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण कुछ उड़ानों में देरी हुई, जबकि कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया. एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, उसकी ग्राउंड हैंडलिंग टीम और अन्य कर्मचारी प्रभावित यात्रियों की सहायता कर रहे हैं. यात्रियों को जरूरी मदद देने और स्पाइसजेट के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कराने की व्यवस्था भी की गई है.
स्पाइसजेट की ओर से इस ऑपरेशनल समस्या पर अब तक कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है. पिछले कुछ दिनों में एयरलाइन की उड़ानों में देरी की घटनाएं भी सामने आई हैं. 15 सितंबर को दिल्ली से दुबई जाने वाली दो उड़ानों में काफी देरी हुई थी. इनमें एक उड़ान करीब 30 घंटे और दूसरी लगभग 19 घंटे की देरी से रवाना हुई थी. इस दौरान करीब 200 यात्रियों ने एयरपोर्ट पर प्रदर्शन किया था.
वित्तीय और परिचालन चुनौतियों का दबाव
स्पाइसजेट लंबे समय से वित्तीय और परिचालन चुनौतियों का सामना कर रही है. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने 3 सितंबर को बताया था कि सरकार एयरलाइन के संचालन और वित्तीय स्थिति को लेकर उसके साथ नियमित बातचीत कर रही है. सरकार ने एयरलाइन से अपना संचालन बढ़ाने को कहा है और स्पाइसजेट ने जल्द सुधार का भरोसा दिया है.
मंत्री के अनुसार, एयरलाइन ने सरकार से अतिरिक्त वित्तीय सहायता नहीं मांगी है, लेकिन ECLGS के तहत फंड जुटाने की कोशिश कर रही है. मई में केंद्र ने भारतीय एयरलाइंस के लिए ECLGS 5.0 को मंजूरी दी थी. बढ़ती ATF कीमतों, एयरस्पेस बंद होने, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कमी और विमानों के कम इस्तेमाल जैसी वजहों से विमानन क्षेत्र पर वित्तीय दबाव बढ़ा है.
