दिल्ली एयरपोर्ट का तीसरा रनवे 11R/29L 20 सितंबर 2026 से दोबारा ऑपरेशन में आ जाएगा. इसे 26 फरवरी से टेकऑफ और लैंडिंग के लिए बंद रखा गया था. दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के मुताबिक, रनवे को शुरू करने से पहले जरूरी निरीक्षण, वैलिडेशन और रेगुलेटरी मंजूरियां पूरी कर ली गई हैं.
करीब सात महीने तक चले रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट के दौरान रनवे की नई सतह बिछाई गई और पेवमेंट को मजबूत किया गया. 29L का थ्रेशोल्ड स्थायी रूप से बदला गया. इसके अलावा एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम के साथ सिविल और इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में भी सुधार किए गए.
Rapid Exit Taxiway से क्या बदलेगा
रनवे पर नया Rapid Exit Taxiway (RET Z1) बनाया गया है. लैंडिंग के बाद विमान की गति कम होने पर वह इस टैक्सीवे के जरिए मुख्य रनवे से जल्दी बाहर निकल सकेगा. इससे रनवे पर विमान के रहने का समय घटेगा और अगले विमान की लैंडिंग या टेकऑफ के लिए रनवे जल्दी उपलब्ध हो सकेगा.
रनवे 2008 से लगातार इस्तेमाल में था. बढ़ते एयर ट्रैफिक, बढ़ते ऑपरेशनल दबाव और रनवे के पुराने होने के कारण व्यापक रिहैबिलिटेशन की जरूरत बताई गई. इससे पहले 2017 में यहां मामूली रिहैबिलिटेशन किया गया था. शुरुआत में काम मई के अंत तक पूरा करने की योजना थी, लेकिन यह सितंबर तक चला.
DIAL ने प्रोजेक्ट के दौरान Directorate General of Civil Aviation (DGCA), Airports Authority of India (AAI), Air Traffic Control (ATC) और एयरलाइंस के साथ समन्वय किया. रनवे खुलने से एयरपोर्ट की ऑपरेशनल और फ्लाइट मूवमेंट क्षमता बढ़ने की उम्मीद है.
