दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के मुखमेलपुर में शुक्रवार सुबह एक खाली सरकारी प्लॉट से MCD सफाईकर्मी का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान 40 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, शव वाल्मीकि मोहल्ले के पास स्थित खाली सरकारी प्लॉट में पड़ा मिला. मौके पर रवि के गले में तार लिपटा हुआ था. सूचना मिलने के बाद अलीपुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस ने अभी मौत को हत्या के रूप में पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि पुलिस को सुबह शव मिलने की सूचना मिली थी. इसके बाद जांच के दौरान मृतक की पहचान रवि कुमार के रूप में हुई.
