नई दिल्ली: दिल्ली के सभी पार्कों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा. यह निर्देश उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद दिए हैं.
उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस आयुक्त, नगर निगम आयुक्त और दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के साथ बैठक में पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. अधिकारियों को पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा इंतजाम, नियमित पुलिस गश्त और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है.
दिल्ली पुलिस को पार्कों के आसपास बीट पेट्रोलिंग मजबूत करने और पिंक पुलिसकर्मियों की तैनाती पर भी काम करने का निर्देश दिया गया है. सुरक्षा ऑडिट में ऐसे स्थानों की पहचान की जाएगी जहां रोशनी, निगरानी, प्रवेश-निकास या गश्त से जुड़े सुधार की जरूरत है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना सोमवार शाम कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में हुई थी. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की है.
