दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पठानकोट-दयालाचक खंड को दिसंबर 2026 में यातायात के लिए खोलने की उम्मीद है. करीब 40 किलोमीटर लंबे इस हिस्से के शुरू होने से पठानकोट और दयालाचक के बीच यात्रा समय मौजूदा 50-70 मिनट से घटकर लगभग 25-30 मिनट रह सकता है. यह खंड लखनपुर टोल प्लाजा को बायपास करेगा.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पठानकोट-दयालाचक सेक्शन का निर्माण लगभग 92 प्रतिशत पूरा हो चुका है. हालांकि, पूरे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का काम एक साथ पूरा नहीं होगा. केंद्र सरकार के अनुसार परियोजना को अलग-अलग चरणों में मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है.
परियोजना से क्या बदलेगा
करीब 667 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे दिल्ली को अमृतसर और कटरा से जोड़ेगा. इसके पूरी तरह चालू होने पर दिल्ली से अमृतसर की यात्रा लगभग पांच घंटे और दिल्ली से कटरा की यात्रा करीब सात घंटे में पूरी होने का अनुमान है. परियोजना का उद्देश्य मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्गों पर दबाव घटाना और पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क बेहतर करना है.
