दिल्ली के सेंट्रल इलाके के आनंद पर्वत में 18 वर्षीय युवक कुणाल ढींगरा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात नई बस्ती की गली नंबर 16 में हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुछ हमलावरों ने कुणाल पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गए.
गंभीर रूप से घायल कुणाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. शुरुआती जानकारी में हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई गई है. हालांकि, हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
घटना की सूचना मिलने पर आनंद पर्वत थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है.
दिल्ली में हाल के दिनों में चाकूबाजी की कई घटनाएं सामने आई हैं. 16 सितंबर को केशव पुरम के कन्हैया नगर में शराब की दुकान के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला हुआ था. इसमें एक युवक की मौत हुई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था.
11 सितंबर को मंडावली में 22 वर्षीय वंश की चाकू मारकर हत्या की गई थी. उस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी केशव कुमार को गिरफ्तार किया था.
