दिवाली के बाद उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम और वायु गुणवत्ता में बदलाव दर्ज किया गया है. दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण बढ़ा, जबकि मध्य प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आई है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है.

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हवा खराब

मंगलवार सुबह 6 बजे तक दिल्ली के चांदनी चौक में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 से ऊपर दर्ज किया गया. राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी AQI 300 के पार रहा.

उत्तर प्रदेश में दिवाली के बाद पटाखों के धुएं के बीच मंगलवार शाम नोएडा का AQI 332, बुलंदशहर का 331, गाजियाबाद का 324 और बागपत का 305 दर्ज किया गया. इन शहरों में रात का तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

मध्य प्रदेश में रात का तापमान गिरा

मध्य प्रदेश में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया. कटनी जिले के करौंदी में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम केंद्र, भोपाल के अनुसार अगले चार दिनों में राज्य के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अनुमान

उत्तराखंड में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है.

हिमाचल प्रदेश में 11 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान है. इसके प्रभाव से अगले छह दिनों तक पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 12 और 13 नवंबर को आंधी-तूफान का येलो अलर्ट तथा ऊंचे क्षेत्रों में तापमान गिरने की संभावना बताई गई है.