दिल्ली के आया नगर में सोमवार सुबह जिम ट्रेनर विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो बाइकों पर आए चार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. विजय को चार गोलियां लगीं, जिनमें दो सिर में थीं. उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट में धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया और “भाऊ गैंग” तथा “Since-2020” लिखा बताया गया है. पुलिस इस पोस्ट की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसका हत्या से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं.
बच्चे के जरिए जिम से बाहर बुलाने का दावा
विजय के चाचा देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 5 बजे जिम के लिए घर से निकले थे. परिवार को करीब 10 बजे उनकी हत्या की जानकारी मिली. देवेंद्र के अनुसार, हमलावरों को जिम के आसपास लगे CCTV कैमरों की जानकारी थी. पहचान छिपाने के लिए उन्होंने कथित तौर पर एक बच्चे के जरिए विजय को जिम से बाहर बुलाया. चार हमलावरों में से दो बाइक पर बैठे रहे और दो ने गोली चलाई.
पुलिस विजय की हत्या को दो साल पुराने एक मामले से जोड़कर भी जांच कर रही है. देवेंद्र के मुताबिक, आया नगर गांव में अरुण नाम के युवक की हत्या के मामले में विजय के छोटे भाई अजय, उसके दोस्त दीपक और योगेश को दोषी ठहराया गया था. तीनों तिहाड़ जेल में बंद हैं. देवेंद्र का दावा है कि अरुण के परिवार को विजय पर भी संलिप्तता का शक था और उसे धमकियां मिल चुकी थीं.
पुलिस अब पुराने मामले, सोशल मीडिया पोस्ट और हत्या की पूरी घटना के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है.
