दिल्ली और बिहार के बीच 18 अंतरराज्यीय मार्गों पर सालभर नियमित बस सेवा शुरू करने की तैयारी है. दोनों राज्य प्रस्तावित पारस्परिक परिवहन समझौते के तहत प्रत्येक मार्ग पर एक-दूसरे को 12-12 परमिट देंगे. बसों के समय और परिचालन कार्यक्रम को दोनों सरकारें आपसी सहमति से तय करेंगी.

प्रस्तावित मार्गों से दिल्ली को पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, बक्सर, नवादा, मधुबनी और पूर्वी चंपारण समेत बिहार के कई शहरों से जोड़ा जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, इन सेवाओं से दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के करीब 15 से 20 लाख लोगों को लाभ मिल सकता है.

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने अंतरराज्यीय संचालन के लिए 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसों की व्यवस्था की है. इसके अलावा, सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत 150 अतिरिक्त बसें चलाने की योजना है.

यह व्यवस्था खास तौर पर दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान भीड़, सीमित ट्रेन टिकट और निजी बसों पर निर्भरता की समस्या कम करने के उद्देश्य से लाई जा रही है. नवंबर 2026 में त्योहारों के दौरान दोनों राज्यों के बीच करीब 76 बसें चलाई गई थीं.