दिल्ली पुलिस ने कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार की शिकायत के आधार पर BJP के मुंडका विधायक गजेंद्र ड्राल और पार्टी के कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है. सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि पार्टी कार्यालय में उनके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया. आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 127(2), 140(3), 351(2), 61(2) और 3(5) लगाई गई हैं. इनके तहत जानबूझकर चोट पहुंचाने, गलत तरीके से बंधक बनाने, अपहरण या अगवा करने, आपराधिक धमकी, आपराधिक साजिश और साझा इरादे से जुड़े आरोप शामिल हैं. मामले में Arms Act और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं.

सुनील कुमार ने क्या आरोप लगाए

सुनील कुमार का कहना है कि उन्हें वोटर लिस्ट पर चर्चा के बहाने गुरुवार को पार्टी कार्यालय बुलाया गया था. उनकी शिकायत के मुताबिक, वहां विधायक और उनके साथ मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की. उन्होंने डंडे, पाइप और बेल्ट से पीटे जाने तथा कार्यालय में रातभर बंधक बनाए रखने का भी आरोप लगाया है.

एक वीडियो में सुनील कुमार ने दावा किया कि घटना के दौरान कार्यालय के CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे. इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

BJP ने दोनों पक्षों से मांगा जवाब

दिल्ली BJP के महासचिव और कार्यालय प्रभारी विष्णु मित्तल के आधिकारिक बयान के अनुसार, पार्टी ने विधायक गजेंद्र ड्राल और सुनील कुमार—दोनों को राज्य अनुशासन समिति के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है. दोनों से मंगलवार दोपहर तीन बजे मामले में सफाई मांगी गई.

विपक्षी AAP ने विधायक को बर्खास्त करने की मांग की है. AAP विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि पार्टी सुनील कुमार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी और जवाबदेही तय होने तक विरोध जारी रखेगी.