भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS के 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा. इस बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, UAE, सऊदी अरब और इंडोनेशिया समेत संगठन के 11 सदस्य देशों के नेता या प्रतिनिधि शामिल होंगे. कई साझेदार देशों के प्रतिनिधियों के भी दिल्ली पहुंचने की जानकारी है.
अमेरिका की नजर आर्थिक और रणनीतिक मुद्दों पर
अमेरिकी समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट में सम्मेलन को वैश्विक तनाव और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा के अहम मंच के रूप में देखा गया है. रिपोर्ट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की संभावित मौजूदगी का उल्लेख किया गया है. इसमें भारत के रूस और चीन के साथ संबंधों तथा अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ उसकी साझेदारी को भी संदर्भ के तौर पर रखा गया है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत BRICS देशों की केंद्रीय डिजिटल मुद्राओं को जोड़ने का प्रस्ताव आगे बढ़ा रहा है. इसका उद्देश्य सीमा-पार भुगतान को आसान और तेज बनाना है.
पाकिस्तान के मीडिया में भारत-चीन संबंधों पर जोर
पाकिस्तान के अखबार Dawn की रिपोर्टों में BRICS की बढ़ती वैश्विक भूमिका और सम्मेलन के संभावित कूटनीतिक असर पर चर्चा की गई है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत अपनी अध्यक्षता में संगठन की भूमिका मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. रूस, चीन और ईरान के नेताओं की भारत यात्रा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी संभावित अलग-अलग बैठकों को भी महत्वपूर्ण बताया गया है.
Dawn की एक अन्य रिपोर्ट में मोदी और शी जिनपिंग की संभावित मुलाकात पर विशेष ध्यान दिया गया है. इसे दोनों देशों के संबंधों में हालिया सुधार के संदर्भ में अहम माना गया है. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की मौजूदगी से भी सम्मेलन का कूटनीतिक महत्व बढ़ने की उम्मीद है.
