18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए उनके ठहरने वाले होटलों और आवाजाही के मार्गों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं.

पुतिन के संभावित ठहराव वाले ITC मौर्या होटल में चार स्तर का सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है. सबसे अंदर उनकी करीबी सुरक्षा के लिए क्लोज प्रोटेक्शन टीम रहेगी. इसके बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की इनर सिक्योरिटी सर्कल में तैनाती होगी. तीसरे स्तर पर दिल्ली पुलिस के कमांडो और अर्धसैनिक बलों के जवान रहेंगे, जबकि बाहरी घेरे की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस संभालेगी.

रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन की अपनी सुरक्षा टीम भी उनके साथ रहेगी. इसमें करीब 25 से 30 कमांडो और सुरक्षा अधिकारी शामिल होने की संभावना बताई गई है. हालांकि, यह संख्या और कार्यक्रम सुरक्षा कारणों से बदल सकते हैं. चीनी राष्ट्रपति के संभावित ठहराव वाले ताज होटल में भी व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं.

एयरपोर्ट से भारत मंडपम तक निगरानी

विदेशी मेहमानों के पालम एयरफोर्स स्टेशन से होटल और फिर भारत मंडपम पहुंचने वाले मार्गों पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है. दिल्ली को अलग-अलग सेक्टर में बांटकर प्रत्येक क्षेत्र की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई है. इन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की कई बार रिहर्सल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.

सभी संबंधित होटलों में सुरक्षा की समग्र निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर होगी. भारत मंडपम की सुरक्षा व्यवस्था की कमान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी संभालेंगे. होटलों के कर्मचारियों का दिल्ली और उनके गृह राज्यों में सत्यापन भी कराया गया है.

पुतिन 11 सितंबर को पहुंचने की संभावना

रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन के 11 सितंबर को दिल्ली पहुंचने और 12 सितंबर को शी जिनपिंग के आने की योजना है. पुतिन का 11 से 13 सितंबर तक भारत दौरा प्रस्तावित है. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक, BRICS बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधन और एक प्रदर्शनी के दौरे का कार्यक्रम बताया गया है.

BRICS नेताओं की मुख्य बैठक 12 सितंबर से शुरू होने की योजना है. इसमें राजनीति और सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, वित्त तथा सांस्कृतिक और मानवीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी. 13 सितंबर को विस्तारित बैठक प्रस्तावित है, जिसमें सदस्य और साझेदार देशों के प्रतिनिधि, आमंत्रित देश तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल हो सकते हैं.