18वें ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन के मद्देनजर शनिवार को दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रित और डायवर्ट रहेगा. दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, यह व्यवस्था सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक लागू रहेगी. इसका सबसे ज्यादा असर भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास के इलाकों के साथ-साथ लुटियंस दिल्ली में रहने की संभावना है.

इन इलाकों और कॉरिडोर पर असर

एडवाइजरी के अनुसार, सेंट्रल दिल्ली को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम दिल्ली से जोड़ने वाले कई अहम मार्गों पर ट्रैफिक रेगुलेशन किया जाएगा. प्रमुख प्रभावित कॉरिडोर में रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट और सी-हेक्सागन क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, NH-48 और परेड रोड शामिल हैं. लुटियंस दिल्ली की कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहने की बात भी कही गई है.

ट्रैफिक एडवाइजरी के मानचित्र में वैकल्पिक रास्तों को नीले, नियंत्रित सड़कों को नारंगी और प्रतिबंधित क्षेत्रों को बैंगनी रंग से दर्शाया गया है. डायवर्जन पॉइंट लाल स्टार से दिखाए गए हैं. यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपना मार्ग तय करें और मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें.

मेट्रो और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल

दिल्ली पुलिस ने लोगों को असुविधा से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं. एयरपोर्ट जाने वालों से पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर चलने और प्राथमिकता से मेट्रो का उपयोग करने को कहा गया है.

एडवाइजरी में यह भी बताया गया है कि बिना किसी निश्चित गंतव्य के दिल्ली आने वाले कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा. इमरजेंसी और आवश्यक सेवा वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा.