दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान दर्ज विसंगति को लेकर नोटिस जारी किया गया था. निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, उनकी गणना-प्रपत्र में उम्र से जुड़ी जानकारी में अंतर पाया गया था.
शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने बताया कि नोटिस के बाद बूथ लेवल अधिकारी के जरिए क्षेत्रीय सत्यापन कराया गया. रेखा गुप्ता की ओर से दिए गए तथ्यों और दस्तावेजों की जांच के बाद उनकी मतदाता प्रविष्टि को मान्य कर दिया गया है.
अधिकारियों के मुताबिक, उनका नाम शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा. इस अंतिम सूची के 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने का कार्यक्रम है.
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया कि ऐसे नोटिस केवल मुख्यमंत्री को नहीं, बल्कि उन मतदाताओं को जारी किए जा रहे हैं जिनकी प्रविष्टियों में पिछली मतदाता सूची से मिलान न होने या अन्य तार्किक विसंगतियां मिली हैं. नोटिस पाने वाले मतदाताओं को संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के समक्ष जवाब और आवश्यक दस्तावेज जमा करने हैं.
