दिल्ली के content creator अमीर शोकीन को त्रिपुरा के एक आदिवासी युवक से कथित नस्ली दुर्व्यवहार के मामले में मंगलवार को अगरतला लाया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें अदालत में पेश किए जाने के बाद 13 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जो अक्टूबर में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में शोकीन पर युवक की पहचान और पूर्वोत्तर से जुड़े कथित आपत्तिजनक तथा नस्ली टिप्पणियां करने का आरोप है. घटना के बाद त्रिपुरा में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने कार्रवाई की मांग की थी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शोकीन को पहले गिरफ्तार किया था और बाद में मामले की जांच के लिए उन्हें त्रिपुरा पुलिस के समक्ष पेश किया गया. त्रिपुरा में दर्ज केस में कथित नस्ली अपमान, अभद्र भाषा और युवक के साथ अनुचित व्यवहार से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है.
शोकीन ने पहले सार्वजनिक माफी मांगते हुए वीडियो को scripted बताया था. हालांकि, आरोपों की पुष्टि अदालत में होना बाकी है और पुलिस जांच जारी है.
