दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैनडाइक को डिफॉल्ट बेल दे दी है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उन्हें म्यांमार में जातीय सशस्त्र समूहों को प्रशिक्षण देने के आरोप में गिरफ्तार किया था. अदालत ने कहा कि एजेंसी की ओर से दाखिल चार्जशीट अधूरी या “piecemeal” है, इसलिए इससे आरोपी का वैधानिक जमानत पाने का अधिकार खत्म नहीं होता. अदालत ने उनके साथ गिरफ्तार किए गए छह यूक्रेनी नागरिकों को भी इसी आधार पर राहत का हकदार माना.
यह आदेश विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने वैनडाइक की ओर से दायर याचिका पर सुनाया. डिफॉल्ट बेल उस स्थिति में मिलती है, जब जांच एजेंसी कानून में तय अवधि के भीतर जांच पूरी करके आरोपपत्र दाखिल नहीं कर पाती. इस मामले में NIA को आरोपपत्र दाखिल करने के लिए पहले 90 दिन मिले थे. अदालत ने इसके बाद 90 दिन की अतिरिक्त अवधि भी दी थी, जिससे कुल अवधि 180 दिन हो गई.
NIA ने 8 सितंबर को सातों आरोपियों के खिलाफ केवल Immigration and Foreigners Act, 2025 की धारा 21 और 23 के तहत चार्जशीट दाखिल की. ये धाराएं अवैध प्रवेश और वीजा शर्तों के उल्लंघन से संबंधित हैं. हालांकि, आरोपियों को मूल रूप से Unlawful Activities (Prevention) Act यानी UAPA की धारा 18 के तहत गिरफ्तार किया गया था और उसी कानून के तहत जांच भी जारी थी.
अदालत ने कहा कि NIA UAPA से जुड़े मामलों में आगे की जांच जारी रखते हुए केवल आव्रजन अपराधों की चार्जशीट दाखिल करके डिफॉल्ट बेल के प्रावधान को दरकिनार नहीं कर सकती. अदालत के अनुसार, जब UAPA के तहत जांच अभी जारी है, तब यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि आरोपी डिफॉल्ट बेल का हकदार नहीं है.
वैनडाइक पर अदालत ने कई शर्तें लगाई हैं. इनमें बिना अनुमति शहर से बाहर यात्रा नहीं करने की शर्त शामिल है. उनके साथ गिरफ्तार किए गए यूक्रेनी नागरिकों—हुर्बा पेट्रो, तारास स्लिवियाक, इवान सुखमानोव्स्की, मारियन स्टेफानकिव, मैक्सिम होंचारुक और विक्टर कामिन्स्की—को भी समान राहत का हकदार बताया गया है. सभी सात आरोपी फिलहाल तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में थे.
NIA के आरोप और जारी जांच
NIA का आरोप है कि सातों लोग दिसंबर 2025 में वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ भारत आए थे. इसके बाद वे गुवाहाटी और मिजोरम गए, जहां संरक्षित या प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश के लिए जरूरी परमिट उनके पास नहीं होने का आरोप है. एजेंसी के मुताबिक, वे अनधिकृत रास्तों से भारत-म्यांमार सीमा पार कर विक्टोरिया कैंप पहुंचे, जहां म्यांमार-आधारित जातीय सशस्त्र समूहों को ड्रोन युद्ध, ड्रोन संचालन, असेंबली और जैमिंग तकनीक का पूर्व-निर्धारित प्रशिक्षण दिया जाना था.
NIA ने कहा है कि सातों करीब 5 मार्च 2026 को भारत लौटे. एजेंसी के अनुसार, गुवाहाटी से मिजोरम तक जाने के लिए छह टैक्सियों का इस्तेमाल किया गया और 29 दिसंबर 2025 को तियाउ नदी के रास्ते सीमा पार की गई. जांच एजेंसी ने ड्रोन और उसके उपकरणों की बरामदगी तथा डिजिटल उपकरणों से मिले संभावित साक्ष्यों की जांच जारी रखने के लिए समय मांगा है.
NIA के विशेष लोक अभियोजक राहुल त्यागी ने चार्जशीट दाखिल होने के बाद कहा था कि UAPA से जुड़े पहलुओं समेत अन्य मामलों में जांच खुली रखी गई है. एजेंसी ने यह भी कहा है कि अब तक भारत के खिलाफ किसी आतंकी साजिश का स्पष्ट प्रमाण सामने नहीं आया, लेकिन आरोपियों के प्रवेश और भारत में ठहरने की शर्तों के उल्लंघन के ठोस साक्ष्य मिले हैं. इन आरोपों और UAPA से जुड़े पहलुओं पर अंतिम निर्णय जांच और आगे की न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा.
