दिल्ली हाईकोर्ट ने एक बस कंडक्टर के 17 महीने के बकाया वेतन से जुड़े 32 साल पुराने विवाद को आगे बढ़ाने पर दिल्ली परिवहन निगम (DTC) पर ₹1 लाख का हर्जाना लगाया है. कोर्ट ने DTC की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उसने इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल के 2004 के आदेश को चुनौती दी थी.
2 सितंबर के आदेश में जस्टिस अमित महाजन ने कहा कि मामूली दावे से जुड़े विवाद को इतने लंबे समय तक जारी रखने से सार्वजनिक धन का अनावश्यक खर्च हुआ. कोर्ट ने यह भी कहा कि हर्जाने की रकम उस अधिकारी से वसूलने पर विचार किया जा सकता है, जो इस मामले को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदार था.
₹67 के किराये से शुरू हुआ विवाद
मामला नवंबर 1994 का है. DTC के एक कंडक्टर पर आरोप था कि उसने तीन यात्रियों से कुल ₹67 किराया लेने के बावजूद उन्हें टिकट जारी नहीं किए. इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया.
विभागीय जांच अधिकारी ने कंडक्टर के पक्ष में फैसला दिया था. हालांकि, अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने इस निष्कर्ष से असहमति जताई और उसे सेवा से हटाने का प्रस्ताव रखते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया. बाद में कंडक्टर को अगस्त 1996 से सेवा से हटा दिया गया.
कंडक्टर ने इस कार्रवाई को चुनौती दी. इसके बाद DTC के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर ने बर्खास्तगी का आदेश रद्द कर दिया. 1998 में उसकी बहाली का आदेश दिया गया, लेकिन बकाया वेतन देने से इनकार कर दिया गया और वेतनमान भी घटा दिया गया.
ट्रिब्यूनल के आदेश के खिलाफ DTC की याचिका
विवाद इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल पहुंचा. 2004 में ट्रिब्यूनल ने कंडक्टर के खिलाफ की गई सजा को अवैध और आधारहीन माना. उसने कंडक्टर को नियमित वेतनमान के अनुसार भुगतान, घटे हुए वेतन से जुड़े बकाये और संबंधित अवधि का नियमित वेतन देने का अधिकार माना.
DTC ने इस आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी. हाईकोर्ट ने जुलाई 2005 में ट्रिब्यूनल के आदेश पर रोक लगा दी थी. मौजूदा सुनवाई में जस्टिस महाजन ने कहा कि ट्रिब्यूनल के निष्कर्षों में हस्तक्षेप करने का कोई कानूनी आधार नहीं है.
कोर्ट के अनुसार, ट्रिब्यूनल ने उपलब्ध सामग्री के आधार पर एक उचित और संभावित निष्कर्ष दिया था. DTC न तो विभागीय जांच रिपोर्ट पेश कर सका और न ही यह साबित कर पाया कि जांच अधिकारी की राय से असहमति जताने का कोई वैध आधार था.
हर्जाने की रकम चार हिस्सों में बांटी जाएगी
हाईकोर्ट ने कहा कि 17 महीने के बकाया वेतन से जुड़े सीमित दावे पर 32 साल तक मुकदमा चलाना कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग है. कोर्ट ने DTC पर लगाए गए ₹1 लाख के हर्जाने को चार हिस्सों में बांटने का निर्देश दिया है.
इसमें ₹25,000 दिल्ली हाईकोर्ट लीगल सर्विसेज कमेटी को, ₹50,000 प्रधानमंत्री राहत कोष में और ₹25,000 संबंधित कंडक्टर को दिए जाएंगे.
