दिल्ली हाई कोर्ट ने प्रधानमंत्री के साथ एक महिला की कथित मॉर्फ्ड और अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में Meta को 24 घंटे के भीतर संबंधित कंटेंट और वेब लिंक हटाने का निर्देश दिया है. अदालत ने मामले से जुड़े CJP नेताओं सौरव दास, अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और रत्ना सिंह को भी नोटिस जारी किया है.
यह मामला जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है. महिला ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान उसके खिलाफ अश्लील और अपमानजनक नारे लगाए गए तथा उसकी मॉर्फ्ड तस्वीरों में प्रधानमंत्री को भी जोड़ा गया. याचिका में यह भी कहा गया है कि उसे जान से मारने की धमकियां मिलीं.
महिला की ओर से अदालत को बताया गया कि मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, लेकिन कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और वायरल तस्वीरों के लिंक हटाने या ब्लॉक करने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कहा कि महिला को अलग-अलग अदालतों में जाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए और संबंधित कार्यवाही हाई कोर्ट में ही की जाएगी. अदालत ने महिला को जांच अधिकारी के पास अपना पता देने को कहा तथा पुलिस को उसकी पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अदालत ने टिप्पणी की कि यह मामला केवल एक महिला तक सीमित नहीं है, क्योंकि इसमें प्रधानमंत्री से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री का आरोप भी है. कोर्ट ने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी गैर-कानूनी हरकत के लिए महिला आयोजकों से मुआवजा मांग सकती है. याचिका लंबित रहने से कानून के तहत उपलब्ध अन्य राहत मांगने का उसका अधिकार प्रभावित नहीं होगा.
मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर को होगी.
