नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने का निर्देश देने से इनकार कर दिया है. अदालत ने केंद्र सरकार के इस फैसले को नागरिकों के हित में लिया गया नीतिगत निर्णय माना और कहा कि इसमें न्यायिक हस्तक्षेप का आधार नहीं बनता.

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ करतारपुर कॉरिडोर को फिर शुरू करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी. यह याचिका Paardarshita Public Welfare Foundation ने दायर की थी. संगठन ने सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब तक जाने की सुविधा बहाल करने की मांग की थी.

अदालत ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 मई 2025 से कॉरिडोर बंद करने का फैसला लिया था. पीठ ने इस फैसले को सरकार की नीति का हिस्सा बताते हुए इसमें दखल देने से इनकार किया.

हालांकि, अदालत ने याचिकाकर्ता को संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपना अभ्यावेदन रखने की स्वतंत्रता दी और उम्मीद जताई कि सरकार उस पर विचार करेगी. आदेश के बाद कॉरिडोर खोलने का फैसला अब केंद्र के स्तर पर ही लंबित रहेगा. यह मार्ग पंजाब के गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक को पाकिस्तान के करतारपुर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब से जोड़ता है.